बरेली। प्रेम विवाह के बाद एक महिला और उसके पति को परिजनों द्वारा जान से मारने की धमकी देने तथा मकान में तोड़फोड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़िता के अनुसार उसके भाई रंजीत सिंह ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसकी शादी राहुल पुत्र जितेन्द्र, निवासी बदायूं, के साथ करा दी थी, जबकि वह अर्चित पुत्र देवराज, निवासी ग्राम जैनपुर कादराबाद, थाना बिशारतगंज, से प्रेम करती थी। बाद में वह अर्चित के साथ रहने लगी, जिससे उसके परिजन उससे रंजिश रखने लगे। आरोप है कि भाई सुरजीत सिंह, रंजीत सिंह, अभिषेक, मोहित, विनीत, हर्षित सिंह तथा ताऊ वीरपाल सिंह लगातार उसे और उसके पति को धमका रहे हैं कि वे उन्हें गांव में नहीं रहने देंगे और जान से मार देंगे। पीड़िता ने बताया कि 28 मार्च को आरोपियों ने उसके मकान का दरवाजा और बिजली लाइन तोड़ दी थी, जिसकी शिकायत थाना बिशारतगंज में की गई थी। इसके बाद 4 अप्रैल को आरोपियों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर लूटपाट और तोड़फोड़ की। पुलिस और अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और अब उसके मकान को पूरी तरह गिराने की धमकी दे रहे हैं। उसने आशंका जताई है कि किसी भी समय उसके और उसके परिवार के साथ गंभीर घटना हो सकती है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।