बरेली। शहर के बीसलपुर चौराहा स्थित नवनिर्मित पुलिया का उद्घाटन महापौर डॉ. उमेश गौतम द्वारा किया गया। इस पुलिया का निर्माण क्षेत्रीय पार्षद पूनम राठौर पत्नी चंद्रपाल राठौर के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया, जिसके लिए नगर निगम ने लगभग 84 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई। जानकारी के अनुसार, यहां पहले मात्र दो फीट के पाइप के जरिए पानी निकासी होती थी, जिससे वार्ड 40 सहसबानी टोला, वार्ड 45 आकाश पुरम, वार्ड 53 रोहिली टोला, वार्ड 62 चक मेहमूद, वार्ड 71 नई बस्ती, वार्ड 75 एजाज नगर और वार्ड 79 चक मेहमूद सहित करीब नौ वार्डों में जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती थी। बिना बारिश के भी गलियों में पानी भर जाता था और स्थिति इतनी खराब थी कि सुपर सॉकर मशीनों को रातभर लगाना पड़ता था। लगातार समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों को कई बार विरोध-प्रदर्शन भी करना पड़ा। अब इस नई पुलिया के निर्माण से आधे पुराने शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, महामंत्री विष्णु शर्मा, उपाध्यक्ष प्रभु दयाल लोधी, राजकिशोर कश्यप, अध्यक्ष जयदीप चौधरी, पूर्व उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, पार्षद दल की उपनेता शालिनी जोहरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने महापौर डॉ. उमेश गौतम और पार्षद पूनम राठौर का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्य को बड़ी राहत देने वाला बताया।