बरेली। बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के आवाहन पर 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कोतवाली स्थित अम्बेडकर पार्क में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यक्रम का आयोजन करेगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और विभिन्न कर्मचारी संगठनों से सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने बताया कि मजदूर दिवस श्रमिकों के संघर्ष, एकता और अधिकारों का प्रतीक है। इस अवसर पर सभी श्रमिक एवं कर्मचारी संगठन एक मंच पर एकत्र होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाएंगे तथा अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की प्रमुख समस्याएं जैसे समय पर वेतन भुगतान, पदोन्नति, सेवा सुरक्षा एवं कार्यस्थल पर सम्मान जैसे मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। मजदूर दिवस के अवसर पर इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। कार्यक्रम में विचार गोष्ठी, श्रमिक अधिकारों पर चर्चा, तथा संगठन की एकजुटता को मजबूत करने के लिए विशेष संबोधन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी अपने विचार रखेंगे और श्रमिक हितों के लिए संयुक्त संघर्ष का संकल्प लेंगे। अंत में जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अम्बेडकर पार्क पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और मजदूर एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।