बदायूँ। अलापुर रोड स्थित जीलाॅट पब्लिक स्कूल के प्रांगण में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कक्षा नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के मध्य चित्रकला एवं कलरिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं कक्षा तीन से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने राखी बनाओ, ग्रीटिंग कार्ड, राखी थाली सजावट एवं बॉल हैंगिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी आयु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों के प्रति सम्मान, सहयोग और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्या ज्योति लता ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करने के साथ ही आपसी सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ावा देता है। कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशिका सोनाली सचदेवा सहित समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।