बरेली। अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का विधिवत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों के अनुशासन, वर्दी, समन्वय एवं प्रदर्शन का गहन अवलोकन किया।परेड के दौरान एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट टर्नआउट बनाए रखने, वर्दी की शुचिता और अनुशासन के उच्च मानकों को कायम रखने के निर्देश दिए।परेड उपरांत उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण करते हुए आदेश कक्ष (ओआर) का विशेष रूप से अवलोकन किया। रजिस्टरों की पेशी के दौरान अभिलेखों की पूर्णता, अद्यतन स्थिति और समयबद्ध संधारण की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में निर्माणाधीन भवन का भी जायजा लिया गया, जहां कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही आरटीसी (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) के रिहर्सल का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और समन्वय का मूल्यांकन किया गया।प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों को नियमितता, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखने पर बल देते हुए कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पुलिस सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान शिवम आशुतोष, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाईवे/लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और प्रशिक्षण स्तर को और अधिक सुदृढ़ करना है, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।