बरेली। टैलेंट आर्ट अकादमी द्वारा आयोजित 15वीं नेशनल रेनबो ग्रुप चित्रकला प्रदर्शनी एवं वर्कशॉप का समापन समारोह धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आशिमा कपूर एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अनीश बैग उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि डॉ. आशिमा कपूर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. अनीश बैग ने कलाकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि चित्रकार अपनी कला के माध्यम से समाज की भावनाओं और सच्चाइयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हैं। उनके अनुसार कलाकार समाज का आईना होते हैं और उनकी कला बिना शब्दों के बहुत कुछ कह जाती है।प्रदर्शनी में विभिन्न कलाकारों की पेंटिंग्स को दर्शकों ने खूब सराहा। कई चित्रों में “मेरा भारत महान” का संदेश देखने को मिला, जबकि कलाकार सिद्धि राय ने वन्यजीव संरक्षण पर आधारित विशेष पेंटिंग प्रस्तुत की। अन्य प्रतिभागियों ने भी सामाजिक विषयों को अपनी कला के माध्यम से सजीव रूप दिया।समापन अवसर पर डॉ. अनीश बैग ने एक चित्र का अनावरण कर प्रदर्शनी का औपचारिक समापन किया। इसके पश्चात डॉ. आशिमा कपूर द्वारा सभी प्रतिभागी कलाकारों को मोमेंटो, कैटलॉग एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस दौरान बरेली के वरिष्ठ चित्रकार अजीम निदा मंसूरी को शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर विशेष सम्मान दिया गया।कार्यक्रम में पायल दीक्षित, रुचि तिवारी, प्रियंका सोनकर, गुंजन, विराट भारद्वाज, निशा, सिम्मी, नाहिद बेगम, गुलाब शाह, जीतू, अर्चना, अनुश्री, तनुश्री, शमा परवीन, फरहा, शिवली खान, मोहम्मद अनीस, वसीम इदरीसी सहित अनेक कलाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।