लखनऊ। राज्य सूचना आयुक्त श्री स्वतंत्र प्रकाश गुप्त ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सूचना आयोग में किए जा रहे कार्यों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।भेंट के दौरान श्री गुप्त ने बदायूं जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बदायूं जिला अस्पताल में हृदय रोग (कार्डियोलॉजी) विभाग शुरू कराने तथा आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हृदय रोग से संबंधित बेहतर चिकित्सा सुविधाएं जिले में उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।इसके साथ ही उन्होंने बदायूं मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के संबंध में भी मुख्यमंत्री को पत्र सौंपा। उन्होंने जनपद के लोगों को बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्त ने कहा कि बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जनहित का महत्वपूर्ण विषय है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।मीडिया को यह जानकारी राज्य सूचना आयुक्त के ओएसडी श्री शुभम अग्रवाल ने दी।