बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण ग्रेटर बरेली योजना में शहर को नई पहचान देने वाली महत्वाकांक्षी कैनाल फ्रंट परियोजना विकसित करने जा रहा है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण, नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के बीच गुजरने वाली जलधारा के दोनों किनारों पर आधुनिक सार्वजनिक स्थल बनाया जाएगा, जो पर्यटन, पर्यावरण और नागरिक जीवन का नया केंद्र बनेगा।पीलीभीत रोड से शुरू होने वाले इस कैनाल फ्रंट पर पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, आकर्षक पुष्प सज्जा, फव्वारे, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने की जगह और खान-पान के केंद्र विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को सुबह की सैर, व्यायाम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए सुंदर एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है।परियोजना के तहत जलधारा के किनारों को विभिन्न प्रजातियों के फूलों और उद्यानों से सजाया जाएगा। शाम के समय विशेष लाइटिंग और फव्वारों से पूरा क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बनेगा। भविष्य में यहां वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने की भी योजना है, जिसमें सामाजिक संस्थाओं और उद्यान प्रेमियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कैनाल फ्रंट पर फूलों, पक्षियों, पशु जगत, खेल और विज्ञान आधारित कलात्मक संरचनाएं भी बनाई जाएंगी। बच्चों के लिए झूले और परिवारों के लिए विश्राम स्थल विकसित किए जाएंगे।बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि ग्रेटर बरेली को आधुनिक, सुंदर और नागरिक-केंद्रित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में कैनाल फ्रंट महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हरियाली, बेहतर जीवन-पर्यावरण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए बरेली को नई पहचान दिलाएगी। मंडलायुक्त बरेली के निर्देशन में आगे बढ़ाई जा रही यह परियोजना भविष्य में शहर की नई जीवनरेखा और प्रमुख पर्यटन आकर्षण बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।