बदायूँ। बदायूँ में एआरटीओ (प्रवर्तन/प्रशासन) हरीओम के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 52 वाहनों के चालान किए गए।यह कार्रवाई मुख्य रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों के विरुद्ध की गई। इसके अलावा एक ओवरलोड मालवाहक वाहन को चालान करने के साथ ही सीज भी किया गया।इस अभियान के अंतर्गत 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान में उप संभागीय परिवहन कार्यालय की टीमों एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूली वाहनों की भी सघन जांच की। इस दौरान कुल 152 स्कूली वाहनों का तकनीकी परीक्षण किया गया और उनकी रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की गई।अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करना और स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को प्राथमिकता देना है।प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो।