बदायूँ: 106 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात,अब बनेगा हवाई अड्डे जैसी सुविधाओं वाला अत्याधुनिक रोडवेज बस अड्डा
बदायूँ। जनपद के विकास की दिशा में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब बदायूँ को 106 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात मिली। शहर में अब अत्याधुनिक रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा, जिसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी मिल गई है।इस उपलब्धि के पीछे शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के निरंतर प्रयासों को अहम माना जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2022 में इस परियोजना का प्रस्ताव दयाशंकर सिंह को सौंपा था, जिसके बाद लगातार फॉलोअप कर इसे स्वीकृति दिलाई गई।प्रस्तावित बस अड्डा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिसमें यात्रियों को हवाई अड्डे जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यहां वातानुकूलित वेटिंग हॉल, डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम, कंप्यूटरीकृत टिकट काउंटर और ऑनलाइन टिकटिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं होंगी। इसके साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग, स्मार्ट शौचालय, स्वच्छ पेयजल और फूड कोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।सुरक्षा के दृष्टिकोण से बस अड्डे को सीसीटीवी निगरानी, फायर सेफ्टी सिस्टम और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सोलर एनर्जी आधारित लाइटिंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं इस परियोजना का अहम हिस्सा होंगी। रैंप, व्हीलचेयर, अलग विश्राम कक्ष और सुगम आवागमन की व्यवस्था यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगी।इसके अलावा ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य लोकल ट्रांसपोर्ट के लिए अलग जोन विकसित किए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित हो सके। यह बस अड्डा केवल परिवहन का केंद्र नहीं होगा, बल्कि शहर के विकास का नया हब बनेगा।इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। निर्माण से लेकर संचालन तक विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार बढ़ेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बस अड्डा बदायूँ की पहचान बनेगा और शहर को आधुनिक नगरों की श्रेणी में स्थापित करेगा।परियोजना की घोषणा के बाद शहरवासियों और व्यापारिक संगठनों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह अत्याधुनिक बस अड्डा बदायूँ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल देगा।














































































