बदायूँ। होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में राजकीय महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वावलंबन एवं आत्मविश्वास विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट-गाइड शिविर के अंतर्गत ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे महाविद्यालय की प्राचार्या द्वारा संपन्न किया गया। इसके पश्चात कार्यशाला का औपचारिक उद्घाटन किया गया।इस अवसर पर संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की प्राध्यापिका एवं मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. भावना ने प्रभावी ढंग से किया।कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर बदायूँ की सेंटर मैनेजर प्रतीक्षा शर्मा ने महिला सुरक्षा और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। वहीं चौकी प्रभारी सपना जायसवाल ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।महिला थाना से आए योगेंद्र सिंह ने छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस उनके साथ है।कार्यक्रम के सफल संचालन में स्काउट-गाइड प्रभारी एवं जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. सरिता गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यशाला का समापन सकारात्मक संदेश और छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय स्टाफ, छात्राओं, फाउंडेशन की टीम एवं मिशन शक्ति से जुड़े सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।