बरेली। रेलवे ग्राउंड में संचालित फ्री कोचिंग अकादमी ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल की है। यहां दूर-दराज से आए गरीब और जरूरतमंद 180 बच्चों ने अग्निवीर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। कोचिंग संचालक ने इसे अपने 26 वर्षों के प्रशिक्षण कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।इससे पहले भी अकादमी का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। पहली अग्निवीर भर्ती परीक्षा में 300 में से 120 अभ्यर्थी सफल होकर देश सेवा में चयनित हुए थे, जबकि दूसरी परीक्षा में 250 में से 80 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की थी।पिछले 26 वर्षों से यह अकादमी खेलों के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें नई पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। यहां प्रशिक्षित खिलाड़ी न केवल खेलों में बल्कि सेना भर्ती में भी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। हालांकि, सफल अभ्यर्थियों की अंतिम सूची अभी जारी होना बाकी है, लेकिन इस प्रारंभिक सफलता से सभी में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बरेली एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र तोमर, सहसचिव सतवीर यादव, पंकज कुमार, संजय कुमार, बलवंत, अरविंद राणा, रंजीत गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।