बरेली। जनपद के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पूरनापुर गांव में रविवार सुबह करीब 10 बजे पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों द्वारा चलाई गई गोली एक महिला के माथे में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव के ही अमित, सुमित और कुनाल ने विनोद उर्फ बंटू के घर में घुसकर उसकी मां शिव देवी के साथ मारपीट की थी। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में पहले ही मुकदमा दर्ज कराया गया था।रविवार को जब विनोद खेत से लौट रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर भागा, लेकिन इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली विनोद को नहीं लगी, बल्कि पास में खड़ी महिला गीता के माथे में जा धंसी।गोली लगते ही महिला खून से लथपथ होकर गिर पड़ी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाकर जांच शुरू कर दी।फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।