बरेली। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर रामपुर गार्डन स्थित जैन मंदिर से बाला जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।शोभायात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल द्वारा विधि-विधान से पूजन कर किया गया। आयोजनकर्ता अभिषेक मिश्रा ने बताया कि बरेली में यह पांचवीं शोभायात्रा है, जबकि रामपुर में 44वीं शोभायात्रा निकाली जाएगी।शोभायात्रा में एटा, अलीगढ़, चंदौसी, मेरठ और बरेली की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।यह शोभायात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर कालीबाड़ी, श्यामतगंज, आलमगीरीगंज, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, साहूकारा और अलखनाथ होते हुए साहूकारा स्थित बाला जी मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।मंदिर पहुंचने के उपरांत बाला जी को 56 भोग अर्पित किए गए, जिसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्तिभाव और उल्लास का माहौल बना रहा।