बदायूँ। सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करिययामई में लंबे समय से खराब स्थिति में पड़े मुख्य मार्ग का निर्माण अब पूरा हो गया है। यह कार्य एमएलसी वागीश पाठक के प्रयासों और उनकी निधि से कराया गया है।एमएलसी वागीश पाठक ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण की मांग पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार उठ रही थी। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा। टीम द्वारा रिपोर्ट दी गई कि सड़क की हालत बेहद जर्जर है और ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति को देखते हुए एमएलसी ने अपनी निधि से लगभग 12 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर मार्ग निर्माण कार्य शुरू कराया, जो अब सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है।ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल थी, विशेषकर बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते थे, जिससे गांव के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब सड़क बनने से आवागमन सुगम हो गया है और बरसात में होने वाली दिक्कतों से भी राहत मिलेगी।मार्ग निर्माण पूरा होने पर ग्रामवासियों ने एमएलसी वागीश पाठक का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।