विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस पर निःशुल्क शिविर व अभिभावक कार्यशाला आयोजित
बरेली। विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस के अवसर पर आईएमए सभागार, बरेली में जीवनधारा पुनर्वास एवं शोध संस्थान, आईएमए कम्युनिटी सर्विस बरेली एवं इंडियन पीडियाट्रिक एकेडमी बरेली के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क ऑटिज्म स्क्रीनिंग एवं मूल्यांकन शिविर तथा अभिभावकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित स्क्रीनिंग शिविर में करीब 150 से अधिक बच्चों की जांच की गई। इस दौरान प्रो. (डा.) अमिताव मिश्रा ने ऑटिस्टिक बच्चों में होने वाली सेंसरी, कम्युनिकेशन और बिहेवियरल समस्याओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए अभिभावकों को सरल तरीकों से इनसे निपटने के उपाय बताए। साथ ही अभिभावकों के सवालों का समाधान भी किया गया। संस्थान की खेल शिक्षिका सुश्री फारिया खान ने बच्चों के लिए विशेष फन गेम्स का आयोजन किया।द्वितीय सत्र में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अभिभावकों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें “ऑटिज्म को समझना”, “सेंसरी समस्याओं का प्रबंधन”, “भाषा एवं संचार कौशल” और “व्यवहार एवं भावनात्मक प्रबंधन” जैसे विषयों पर चर्चा हुई।कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन प्रो. (डा.) अमिताव मिश्रा, आईएमए बरेली के अध्यक्ष डा. अतुल श्रीवास्तव, आईएमए कम्युनिटी सर्विस के अध्यक्ष डा. प्रमेंन्द्र महेश्वरी सहित अन्य चिकित्सकों एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर 150 से अधिक अभिभावक, विशेषज्ञ और विशेष शिक्षक उपस्थित रहे।डा. अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में ऑटिज्म के निदान में प्रगति हुई है, वहीं जीवनधारा संस्थान पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। डा. प्रमेंन्द्र महेश्वरी ने कहा कि ऑटिज्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि दुनिया को देखने का एक अलग नजरिया है, जिसे सही प्रशिक्षण और सहयोग से बेहतर बनाया जा सकता है।संस्थान की संरक्षिका डा. राका चावला ने कहा कि ऑटिज्म बच्चों की कमजोरी नहीं, बल्कि उनकी विशिष्टता है, जिसे पहचानकर सही दिशा देने की जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सहयोग और स्वीकार्यता देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्थान की निदेशिका श्रीमती शाश्वती नंदा ने सभी सहयोगियों एवं टीम सदस्यों का आभार व्यक्त किया।














































































