बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने धार्मिक सौहार्द खराब करने के प्रयास के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अनिल पुत्र नन्हेंलाल ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 27 मार्च को जादौंपुर रेलवे फाटक के पास खड़े होने के दौरान गांव की परिचित मुस्लिम महिलाओं से बातचीत करते समय 4-5 अज्ञात लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इस तहरीर के आधार पर थाना भोजीपुरा में मुकदमा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त की पहचान शोएब पुत्र अली रजा निवासी ग्राम चमन नगरिया, थाना नवाबगंज, बरेली के रूप में की।पुलिस टीम ने 2 अप्रैल को जादौपुर गांव के पास से आरोपी शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 27 मार्च को काम से जादौपुर आया था और वहीं एक युवक से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी।प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक संदेश सिंह एवं कांस्टेबल विनय कुमार की टीम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।