बरेली। विकासखंड आलमपुर जाफराबाद के प्राथमिक विद्यालय लहर में वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सतीश वर्मा एवं ग्राम प्रधान भुवनेश यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि शिक्षा ही विकास की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान लहर गांव की जागरूक महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूरे वर्ष अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया तथा अन्य महिलाओं को भी बच्चों की शिक्षा के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए नृत्य एवं भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हेमंत मौर्य, सहायक अध्यापिका प्रीति कश्यप, उषा रानी तथा न्याय पंचायत के नोडल अध्यापक राकेश कुमार ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में गांव के बुद्धिजीवियों एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया और कार्यक्रम को सफल बनाया।