बरेली। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नाग पंचमी मेला ग्राउंड, गंगापुर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग संयोजक नीरज चौरसिया ने बताया कि यात्रा गंगापुर से प्रारंभ होकर मठ की चौकी, साहू गोपीनाथ, श्यामगंज बाजार, कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज, नगर निगम, पटेल चौक होते हुए सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर पहुंची, जहां महाआरती के साथ इसका समापन हुआ। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह सोम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को हनुमान जी को अपना आदर्श मानते हुए उनकी शक्ति के साथ मर्यादा का पालन करना चाहिए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके। शोभायात्रा का शुभारंभ पार्थ गौतम, डॉ विनोद पागरानी एवं राजकुमार राजपूत द्वारा किया गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल, महानगर मंत्री संजय शुक्ला सहित अंकित कुमार, भगवान स्वरूप, राजेंद्र राजपूत, कन्हैया लाल, वीरेंद्र यादव, महानगर संयोजक केवलानंद गौड, आशीष शर्मा, निखिल गंगवार, आशीष सक्सेना, आकाश मौर्या, विशाल सिंह, निकुंज साहू, आशीष चंद्रा, यश गंगवार, गिरीश राजपूत, नितिन राजपूत, कुलदीप राजपूत, निखिल राजपूत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।