बरेली । उत्तर प्रदेश के मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास धर्मपाल सिंह ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व पशु चिकित्सा अधिकारियो के साथ गौशालाओं में पशुओं के संरक्षण/प्रत्येक गौशाला में भूसा बैंक की स्थापना/गोचर भूमि को कब्जा मुक्त कराकर हरे चारे को बोने की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। सर्किट हाउस में हुई बैठक में मंत्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिये कि उपायुक्त उद्योग के माध्यम से उद्यमियों के सहयोग से भूसा दान दिलवाने के लिये पहल करें। मंत्री धर्मपाल सिंह ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह को निर्देश दिये कि गोचर भूमियों को कब्जा मुक्त करवाकर उस पर हरा चारा उगाया जाए, जिसके लिये उपजिलाधिकारियों से वार्ता कर कब्जा युक्त भूमि का चिन्हाकन कराया जाए और उन्हें खाली करवाने कि कार्यवाही कि जाये। समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियो को निर्देश दिये गए कि गौवंशों की लू/ गर्मी से बचाव हेतु पर्याप्त उपाय अपनाये जाए तथा गौवंशों की नस्ल सुधार हेतु कृत्रिम गर्भधान पर जोर दिया जाये। मंत्री धर्मपाल सिंह ने संचारी रोगों से बचाव हेतु आवश्यक कदम उठाये जाने, मच्छरों से बचाव हेतु डी.डी.टी का छिड़काव कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानो कि सुविधा के लिए गेहूं क्रय केन्द्र शतप्रतिशत संचालित किये जाये, जिस पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मोबाइल क्रय केन्द्रों पर भी विचार किया जा रहा है जिससे जो किसान भाई क्रय केंद्र पर पहुंच नहीँ पा रहे है उनके खेत पर जाकर गेहूं खरीद की जाएगी। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिये कि कृषि कार्यों हेतु बिजली आपूर्ति बनी रहे, किसानो को असुविधा ना हो, इसके साथ ही खाद की उपलब्धता भी बनी रहे। गाय के गोबर से वर्मी कम्पोस्ट खाद आदि बनवायी जाए जिससे किसानों की रासायनिक खादों पर निर्भरता कम हो। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, पुलिस अधिक्षक नगर मानुष परिक, उपनिदेशक पशुपालन सहित चारों जिलों के पशु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे। निर्भय सक्सेना