बदायूं । आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय बदायूं में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ ज्योति बिश्नोई ने किया। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न प्रकार के लघु एवं कुटीर उद्योगों की जानकारी दी, जो रोजगार सृजन में सहायक सिद्ध हो सकते हैं। वहीं, कोहिनूर ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न डिप्लोमा कोर्सों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ये कोर्स न केवल रोजगार के द्वार खोलते हैं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वावलंबन की भावना जागृत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “महिलाओं के उत्थान से ही भारत विकसित राष्ट्र बन सकेगा। आत्मनिर्भरता ही राष्ट्र निर्माण का मूल मंत्र है।” कार्यक्रम में डॉ. प्रेमचंद चौधरी, समीक्षा, तमन्ना, अलीशा बी, पूर्णिमा तोमर, महिमा भारती, भावना सागर, कोमल राठौर, सोनल राठौड़ आदि उपस्थित रहे। यह आयोजन छात्राओं में करियर निर्माण की प्रेरणा का स्रोत बना।