बदायूँ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा श्रीधाम अयोध्या में स्थित श्री धर्महरि चित्रगुप्त मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विकास के लिए ट्रस्ट गठन की मांग उठाई गई है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रमुख धामों में से एक धाम अयोध्या के मीरापुर डेरा बीबी क्षेत्र में स्थित है, जिसे श्री धर्महरि चित्रगुप्त मंदिर के नाम से जाना जाता है। इस मंदिर में पूरे देश से कायस्थ समाज के श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। महासभा ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन के साथ-साथ श्रद्धालु इस मंदिर में भी आस्था के साथ पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर के समुचित विकास की दिशा में अभी तक पर्याप्त प्रयास नहीं हो सके हैं। ऐसे में मंदिर के जीर्णोद्धार और सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। महासभा ने मांग की है कि मंदिर के समुचित संचालन और विकास के लिए एक ट्रस्ट का गठन किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पर्यटन की दृष्टि से भी इस स्थल को विकसित किया जा सके। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष दीपक सक्सेना एडवोकेट, महामंत्री इंजी. धीरज सक्सेना सहित कई पदाधिकारी व सदस्य शामिल रहे।