उझानी । विद्या मंदिर इंटर कालेज में गायत्री महायज्ञ के साथ नवीन शिक्षण सत्र का शुभारंभ हुआ। विद्यालय में प्रवेश लेने वाले 21 बच्चों का मां सरस्वती, भगवान श्री गणेश-माता लक्ष्मी पूजन के साथ विद्यारंभ संस्कार हुआ। गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने वेदमंत्रोच्चारण कर यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि बच्चे शिक्षा और संस्कारों से जीवन को मर्यादित और पवित्र बनाएं। प्रधानाचार्य शैलेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षा ज्ञान की आधारशिला है। इससे व्यक्ति चरित्रवान बनता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में न केवल अध्ययन के प्रति लगन बढ़ती है, बल्कि उनमें भारतीय संस्कृति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के प्रति गहरा जुड़ाव भी विकसित होता है। प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने यज्ञ भगवान को गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की विशेष आहुतियां दी। सबके अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र के समृद्धिशाली होने की कामना की। वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय और पवित्र बन गया। विद्यालय परिसर में श्रद्धा, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत संचार देखने को मिला। नवीन शिक्षण सत्र के प्रथम दिन 21 बच्चों ने विद्यालय में प्रवेश लिया। इस मौके पर सुधीर कुमार, राजेश सागर, रिंकी यादव, गार्गी जैन, खुशबू, नाजिमा, शिवानी, प्रद्युम सिंह, अनिरुद्ध सिंह, रईस अहमद मुमताज नगमा आदि मौजूद रहे।