बदायूँ। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को तेज करते हुए क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कछला स्थित मां भागीरथी गंगा घाट के दोनों तटों के सौंदर्यकरण के लिए 18 करोड़ 40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है। विधायक हरीश शाक्य लगातार अपने क्षेत्र को विकसित बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इससे पहले भी उन्होंने सड़क निर्माण, सेतु निर्माण, रोडवेज स्टैंड और बिल्सी बाईपास जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतारा है। खासतौर पर बिल्सी बाईपास का निर्माण जाम की समस्या से निजात दिलाने में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। कछला गंगा घाट का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद विशेष है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं, जबकि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त जल भरने आते हैं। अब तक घाट के दोनों तटों पर पर्याप्त सौंदर्यकरण न होने से श्रद्धालुओं को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक हरीश शाक्य ने अथक प्रयास कर यह धनराशि स्वीकृत कराई है। सौंदर्यकरण के बाद घाट पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य बिल्सी विधानसभा को विकसित क्षेत्रों की श्रेणी में शामिल करना है और इसके लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह तथा केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का आभार व्यक्त किया।