बरेली। विकास खंड रामनगर के कंपोजिट विद्यालय बारीखेड़ा में नवीन शैक्षिक सत्र के प्रथम दिन प्रवेश उत्सव एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान दयावती ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने कक्षा एक में प्रवेश लेने वाले नए छात्रों का टीका लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा उन्हें नई पुस्तकें वितरित कीं। अन्य कक्षाओं के बच्चों को भी नई किताबें प्रदान की गईं। ग्राम प्रधान ने अभिभावकों से अपील की कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के जो बच्चे अभी तक विद्यालय में नामांकित नहीं हैं, उनका जल्द से जल्द प्रवेश कराया जाए। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार दिवाकर ने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षिक सत्र की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य, ग्रामवासी खजान सिंह, देवर्षि वर्मा, रामनरेश, सुनील कुमार, अनुदेशक कल्पना, मीनू तथा ECE एजुकेटर उदय पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।