बदायूँ। उझानी रोड स्थित श्री संकटमोचन बालाजी दरबार में हनुमान जन्मोत्सव एवं 27वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। गुरुजी स्व. हरीशचन्द्र महाराज के आशीर्वाद एवं रविकान्त उपाध्याय (गुरुजी) के सानिध्य में आयोजित इस यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आहुति देकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। पिछले पांच दिनों से दरबार में श्रीराम कथा की अविरल धारा बह रही थी, जिसका समापन षष्ठम दिवस पर विशेष हवन के साथ हुआ। इस दौरान दूर-दराज और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने सुबह से ही कतारों में लगकर बालाजी महाराज के दर्शन किए और विघ्न विनाशक हवन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रविकान्त उपाध्याय (गुरुजी) ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान है, जो वातावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ समाज के कल्याण का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि यज्ञ में भाग लेने से मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति का संचार होता है। इस अवसर पर श्री संकटमोचन बालाजी दरबार समिति एवं श्री बालाजी सेवार्थ समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे।