बरेली। छावनी परिषद, बरेली द्वारा रिड्यूस, रियूज़, रिसाइकल सेंटर का सफलतापूर्वक और नियमित संचालन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अनुपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग सुनिश्चित करते हुए उन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है। इस अभिनव अभियान के तहत नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपने घरों में मौजूद ऐसी वस्तुएं, जो अब उनके लिए उपयोगी नहीं हैं लेकिन अच्छी स्थिति में हैं, उन्हें रिड्यूस, रियूज़, रिसाइकल सेंटर में दान करें। परिषद द्वारा एकत्रित सामग्री का वितरण आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के बीच किया जा रहा है, जिससे उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है। इस योजना के अंतर्गत पुराने कपड़े, किताबें, खिलौने, बर्तन सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं संग्रहित कर पुनः उपयोग में लाई जा रही हैं। इससे न केवल संसाधनों का संरक्षण हो रहा है, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। छावनी परिषद, बरेली ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और रिड्यूस, रियूज़, रिसाइकल के सिद्धांत को अपनाकर स्वच्छ, स्वस्थ और सहयोगी समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।