बरेली। शहर में हवाई अड्डा गेट के पास संचालित दुग्ध डेयरी किसानों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। किसान एकता संघ ने नगर निगम पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। संघ का कहना है कि नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचकर केवल डेयरी किसानों को ही हटाने का दबाव बना रही है, जबकि सड़क किनारे संचालित अन्य कारोबारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इस कथित भेदभावपूर्ण रवैये से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसान एकता संघ पूर्व में भी इस मुद्दे को लेकर पदयात्रा कर विरोध जता चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। किसान नेता डॉ. रवि नागर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई नहीं रोकी तो किसान बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। संघ ने नगर आयुक्त से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी पर समान रूप से लागू की जाए। केवल गरीब डेयरी किसानों को निशाना बनाना अन्यायपूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामपाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बहुरनलाल गुर्जर, मंडल महासचिव डॉ. अंशु भारती, जिला महासचिव अवधेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, महानगर अध्यक्ष दीपक पांडे, मीडिया प्रभारी संजय पाठक सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।