बदायूं जगत ब्लॉक के कमालपुर निवासी अर्जुन सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपी पीसीएस) परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही 120वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हो गए। राजकीय महाविद्यालय, बदायूं के पूर्व छात्र अर्जुन की इस उपलब्धि पर पूरे कॉलेज में हर्ष व्याप्त है। एनएसएस के मॉडल अधिकारी डॉक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस के स्वयंसेवक रहे अर्जुन सिंह ने आवास विकास से 2023 में बीए पास करने के बाद यूपीपीसीएस की तैयारी करने लखनऊ चले गए पहले प्रयास में उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण की। कॉलेज के समस्त गतिविधियों में भाग लेते हुए भाषण प्रतियोगिताओं में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करते रहे और राज्य स्तर पर भी भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. संजीव राठौर, डॉ डॉ रविंद्र सिंह यादव, डॉ हुकुम सिंह, डॉ सारिका शर्मा सहित समस्त शिक्षकगण ने अर्जुन को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अर्जुन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया, जो उनकी प्रेरणास्रोत हैं। अर्जुन का शैक्षणिक सफर प्रेरणा से भरा है। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, बबराला से कक्षा 10वीं में 87% और 12वीं में 83% अंक प्राप्त किए। राजकीय महाविद्यालय से स्नातक (बीए) में 72% अंकों के साथ उत्तीर्ण किया। उनके पिता श्री शिशुपाल सिंह किसान हैं। अर्जुन का अगला लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस अधिकारी बनना है। कॉलेज प्रशासन ने अर्जुन को 6 अप्रैल को होने वाले प्रतिभा अलंकरण समारोह में सम्मानित करने की योजना बनाई है, जिससे छात्राओं को प्रेरणा मिल सके।