बदायूँ।। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार लगातार तेज होती नजर आ रही है। Harish Chandra Shakya के सतत प्रयासों के चलते मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत क्षेत्र की सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए ₹4 करोड़ 95 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत बेहटा जवी, गढ़ी, सिमर्रा भोजपुर, गडरपुरा, गुधनी, उझानी, बरामालदेव, रमपुरा ऐनुद्दीन और बीवीगंज समेत कई ग्राम पंचायतों में सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्र की जर्जर सड़कों को नया जीवन मिलेगा और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। हरीश शाक्य ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क मार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नव निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं और इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे। जहां-जहां सड़कों की आवश्यकता है, वहां तेजी से कार्य कराया जाएगा। साथ ही सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। विधायक के इन प्रयासों से क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर उभरती दिख रही है, जिससे आने वाले समय में लोगों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।