बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने केसीएमटी कॉलेज में छात्रों से की जा रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। परिषद ने कॉलेज प्रशासन पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए फीस वापस कराने और अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है। एबीवीपी के पदाधिकारियों ने बताया कि कॉलेज में करिज्मा लाइव कॉन्सर्ट व अन्य कार्यक्रमों के नाम पर छात्रों से ₹1300-₹1300 की राशि जबरन ली जा रही है, जिसका संगठन ने कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि यह वसूली पूरी तरह अनुचित है और इससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदेश मंत्री आनंद कठेरिया ने कहा कि किसी भी स्थिति में छात्रों से इस प्रकार की अवैध राशि स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन प्रैक्टिकल व फॉरवर्डिंग के नाम पर भी अतिरिक्त शुल्क वसूल रहा है, जो गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब छात्रों के साथ तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिषद ने मांग की है कि सभी अवैध शुल्क तत्काल बंद किए जाएं और छात्रों से वसूली गई ₹1300 की राशि वापस की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। इस दौरान महानगर संगठन मंत्री अरुण सूर्यवंशी, दीपांशु चौधरी, आशुतोष गंगवार, कुणाल शर्मा, उदय कठेरिया, आयुष शर्मा, सत्यम गुर्जर, प्रांजल शर्मा, सुजल चौहान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।