बरेली/बदायूं। बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर किसान एकता संघ ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में प्रोजेक्ट डायरेक्टर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें बरेली जिले के सरदार नगर चौकी क्षेत्र स्थित गांव कोहनी प्रतापपुर के सामने अंडरपास बनाए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग का छह लेन चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। सड़क के दोनों ओर बसे गांवों के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए व्यस्त हाईवे पार करना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। किसान नेताओं के अनुसार, कोहनी प्रतापपुर के सामने कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है, इसलिए यहां अंडरपास का निर्माण अत्यंत जरूरी है। संगठन ने बताया कि पिछले चार महीनों से इस मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है और कई बार जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा भी 27 फरवरी को अंडरपास निर्माण की संस्तुति की जा चुकी है। डॉ. रवि नागर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से युवा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा जयसिंह यादव,मंडल महासचिव डॉ अंशु भारती, जिला उपाध्यक्ष बदायूं टीटू यादव, जिला उपाध्यक्ष बरेली गिरीश गोस्वामी, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक, जिला सचिव पप्पू नेताजी, धनपाल मौर्य, संजय यादव, धन्य प्रधान, वीरेंद्र गुर्जर पूर्व प्रधान, रिजवान, सतेंद्र वर्मा, जुगेंद्र अधिक बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।