बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षता में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 27 मार्च को वादी ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री को आशिक उर्फ आसिफ पुत्र सफी अहमद व उसके दो साथियों द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अलीगंज पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 29 मार्च को अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद 30 मार्च को मुखबिर की सूचना पर अलीगंज-आंवला रोड स्थित एक बंद पेट्रोल पंप के पास से मुख्य अभियुक्त आशिक उर्फ आसिफ को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को नियमानुसार पुलिस संरक्षता में लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पीड़िता को पहले से जानता था और 27 मार्च को अपने साथियों के साथ मिलकर उसे घर से ले गया था। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र मोतला, उपनिरीक्षक नैपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।