बरेली। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) ने किसानों के चालान किए जाने के विरोध में एसपी ट्रैफिक कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। संगठन का आरोप है कि पुलिस द्वारा जगह-जगह किसानों के वाहन रोककर चालान किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडल अध्यक्ष रनवीर सिंह फौजी के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा कि किसान पहले ही आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा है, ऐसे में लगातार चालान की कार्रवाई से उसकी मुश्किलें और बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों के खिलाफ हो रही इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। जिला अध्यक्ष नंदकिशोर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान जिला युवा अध्यक्ष प्रेम गंगवार, युवा सचिव फूल सिंह, उमाशंकर, विधानसभा अध्यक्ष चंद्रसेन, ब्लॉक अध्यक्ष नंदकिशोर, ग्राम अध्यक्ष साहिल पटेल सहित क्यारा ब्लॉक के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।