बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा स्थित रोड नंबर-4 पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लीची फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कच्चे रास्ते पर नवनिर्मित मकान के पास युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल पुत्र रमेश, निवासी ग्राम रसूला चौधरी थाना फतेहगंज पश्चिमी, जिला बरेली बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गौतम, कांस्टेबल शांति स्वरूप व अरविंद कुमार शामिल रहे।