शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के मुख्य द्वार से प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार आजाद एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना कर किया गया। रैली में सम्मिलित स्वयंसेवकों ने जागरूकता नारों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता फैलायी। रैली इन्देपुर नवादा स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थित शिविर स्थल तक पहुँची। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार आजाद ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रम समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।विद्यार्थियों को केवल शैक्षिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति भी सजग होना चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करना है। इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों को समाज के वास्तविक मुद्दों से जोड़ते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कार्यक्रम में प्रो. कमलेश गौतम, लेफ्टिनेंट आलोक कुमार सिंह, डॉ. शिशिर शुक्ल, डॉ. अर्चना गर्ग, डॉ. प्रतिभा, अमित कुमार, हर्ष पाराशरी सहित कॉलेज के अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। शिविर में अंजली शर्मा, नेहा वर्मा, पूजा सिंह, अभिषेक, आदित्य कुमार, मोहित निशु, रुद्राक्षी आदि स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।