मंत्री नितिन अग्रवाल ने सपा पर सादा निशाना , 2027 चुनाव की तैयारी तेज, आबकारी विभाग पर दिया बड़ा बयान
बरेली । शहर में आयोजित वैश्य समाज के कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में समाज के लोगों के साथ संवाद, बैठक और सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ता और समाज के लोग जुटे हुए हैं। बरेली से इस पहल की शुरुआत होना खुशी की बात है और यहां समाज के लोगों के साथ चुनाव को लेकर चर्चा भी की गई है।
राजस्व लक्ष्य पर बोलते हुए मंत्री ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के लिए करीब 63 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से 60 हजार करोड़ तक पहुंचने का प्रयास जारी है। 31 मार्च तक लक्ष्य हासिल करने के लिए विभाग पूरी कोशिश कर रहा है। वहीं, नए वित्तीय वर्ष के लिए सरकार ने 72,800 करोड़ का लक्ष्य तय किया है, जिसे हासिल करने के लिए 1 अप्रैल से कार्य शुरू होगा।
आबकारी विभाग को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग किसी भी तरह से शराब के सेवन को बढ़ावा नहीं देता है। विभाग का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब पर रोक लगाना और मानकों के अनुरूप ही मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शराब पीना या न पीना पूरी तरह से व्यक्तिगत निर्णय है।
एक फिल्म और माफिया के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है, लेकिन यह सच है कि समाजवादी पार्टी की सरकार में माफियाओं को संरक्षण मिला और उन्हें संसद तक पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि माफियाओं पर कार्रवाई होने पर विपक्ष को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
ईंधन संकट के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल या गैस की कोई कमी नहीं है। अंतरराष्ट्रीय हालात, जैसे ईरान से जुड़े तनाव के बावजूद भारत में कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जबकि अन्य देशों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और सरकार के साथ खड़े रहने की अपील की।
भगवान श्रीराम पर टिप्पणी के मामले में उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है और यह समाजवादी पार्टी के चरित्र को दर्शाता है।














































































