बाबा इंटरनेशनल स्कूल में उन्नयन एवं वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह हुआ, मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
बिल्सी। नगर के बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में आज उन्नयन एवं वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, राज कुमार गुप्ता, विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय व विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी, ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्जन कर किया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

तत्पश्चात विभिन्न कक्षाओं के मेधावी (टॉपर्स) विद्यार्थियों को सेश/स्कार्फ पहनाकर एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

इसके बाद कक्षा-वार विद्यार्थियों को उनके रिपोर्ट कार्ड वितरित किए गए। कक्षा अध्यापकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन की जानकारी दी तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए।

कक्षा पी.जी. से जीविका सिंह, एन.सी से सैयांश वार्ष्णेय, के.जी. से मिरहा हुसैन एवं विहान राघव, कक्षा 1 से परी वार्ष्णेय, कक्षा 2- अनन्या माहेश्वरी, कक्षा 3 से अतिक्ष सिंह, कक्षा 4 से अयांश शर्मा, कक्षा 5 से सिद्धार्थ चौधरी, कक्षा 6- से देवांश यादव, कक्षा 7- से ख़ुशी यादव, कक्षा 8- से अमिशी वार्ष्णेय, कक्षा 9- से कृतिका माहेश्वरी, कक्षा 11 से मीनुज वार्ष्णेय (गणित वर्ग), विभु वार्ष्णेय (बायोलॉजी वर्ग), सार्थक वार्ष्णेय (वाणिज्य वर्ग), प्रतिभा शंखधार (मानविकी वर्ग) ने अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिन्हें विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय द्वारा पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहाँ मंच की भव्य सजावट सभी के आकर्षण का केंद्र रही। पूरे वातावरण में उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए बधाई दी तथा उन्हें जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं साधना वार्ष्णेय ने सभी सफल छात्र एवं छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम करके स्थान प्राप्त किया है, उनसे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। और कहा विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए विद्यालय द्वारा हर सम्भव प्रयास के लिए विद्यालय प्रतिबद्ध है।
विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा महेश्वरी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के समग्र विकास पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशेष प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन एवं परिश्रम से निखारा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया और विद्यालय के प्रति उनके विश्वास की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अनुशासन एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। विभिन्न टीमों द्वारा अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया गया, जिससे कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा |














































































