बरेली। थाना आंवला क्षेत्र के गांव कंधरपुर में 5 वर्षीय मासूम के शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक बच्चे के पिता भरत सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते हुए बताया कि उनका 5 वर्षीय बेटा सोनू 28 दिसंबर से घर से लापता था।परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना आंवला पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। काफी तलाश के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका।शनिवार सुबह गांव के किनारे स्थित एक तालाब में बच्चे का शव देखा गया। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जब शव को बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान 5 वर्षीय सोनू कश्यप के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की मां नैना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सोनू दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। परिवार बेहद गरीब है और पिता मजदूरी (बिलदारी) कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।वहीं, पिता भारत सिंह ने बच्चे की मौत को लेकर तांत्रिक विद्या करने वाले कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।