उझानी :- नगर के एपीएम पीजी कॉलेज उझानी में राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ त्रिवेन्द्र कुमार सिंह को प्रकृति फाउंडेशन मेरठ ने शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षा गौरव सम्मान पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। डॉ. सिंह को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए यह पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रकृति फाउंडेशन मेरठ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। उक्त कार्यक्रम में देश के उच्च शिक्षा के क्षेत्र से संबंधित 50 विद्वानों ने भाग लिया। जिसमें डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह को प्रकृति फाउंडेशन समिति ने राष्ट्रीय शिक्षा गौरव सम्मान पुरस्कार के लिए चुना। पुरस्कार देकर प्रकृति फाउंडेशन के निदेशक मुकेश नादान ने डॉ. सिंह को शुभकामनाएं और बधाई दीं। डॉ. सिंह ने अपने स्वरचित शोध पत्रों में महिलाओं की राजनीतिक जागरूकता एवं उनके सामाजिक विकास से सम्बन्धित अनेक पहलुओं पर प्रकाश डाला है। देश की आधी आबादी पर उनके प्रसिद्ध लेख अनेक समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए हैं। डॉ. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि मेरे प्रयास तब तक सार्थक नहीं होंगे जब तक आधी आबादी को उसका वह अधिकार प्राप्त नहीं होता जिसकी वह वास्तविक हकदार है।