बरेली। शहर के इस्लामिया ग्राउंड में आयोजित ईद मिलन समारोह एवं मेले के दूसरे दिन भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेले में पहुंचकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद उठाया। मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि यह आयोजन आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, जहां सभी धर्मों के लोग एक साथ आकर गले मिलते हैं, ईद की मुबारकबाद देते हैं और सेवइयों का स्वाद लेते हैं। मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने विभिन्न झूलों का आनंद लिया और स्टॉलों पर खरीदारी की। पूरे मेले का माहौल उत्सवमय और खुशियों से भरा रहा। ईद मिलन समारोह के मंच पर देर रात तक क्विज कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें दीनी सवाल-जवाब का दौर चला। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान अब्दुल वाजिद खां नूरी और पाशा मियां निजामी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में वसी अहमद वारसी, शीरोज सैफ कुरैशी, सलीम रजा, मिर्जा शाहब बैग, सम्मी रजा सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।