उझानी। नगर पालिका के कूड़ा लदे वाहनों को सड़क किनारे खाली किए जाने का विरोध हर बार डेढ़- दो सप्ताह बाद सामने आ जाता है। बुधवार पूर्वाह्न चालक कूड़ा लदे वाहन सड़क किनारे गड्ढों में खाली करने पहुंचे तो इलाके के लोगों ने हंगामा कर उन्हें खदेड़ दिया। परेशान चालक कूड़े से भरे वाहन पालिका कार्यालय परिसर में खड़े कर गए। नाम न छापने की शर्त पर एक कूड़ा वाहन चालक ने बताया कि पिछले कई दिनों से सड़क किनारे गड्ढों में कूड़ा डाला जा रहा था। धुबिया तालाब के पास गड्ढों में जब वह लोडर वाहनों को खाली करने के लिए पहुंचे तो इलाके के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। हंगामा होने लगा तो चालक वाहन लेकर पालिका की ओर लौट पड़े। पालिका कर्मियों को भी अवगत करा दिया गया। कोई नतीजा नहीं निकला तो चालकों ने वाहनों को पालिका कार्यालय परिसर में ही खड़े कर दिया। पालिका के वाहन चालकों का कहना है कि अफसर भी हकीकत से वाकिफ हैं, लेकिन समाधान खोजने की जरूरत महसूस नहीं की जा रही है। दो सप्ताह पहले देहात क्षेत्र की सड़कों के किनारे कूड़ा लदे वाहनों को खाली किया गया था। उस वक्त भी विरोध हो गया था। कूड़ा लदे वाहन तब भी पूरे दिन पालिका कार्यालय के सामने खड़े रहे थे। इससे पहले वितरोई, छतुइया और पटपरागंज इलाके में भी वाहन चालकों को विरोध का सामना करना पड़ा था इस बारे में जानकारी प्राप्त करने पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है उच्चधिकारियों से वार्ता चल रही है जल्द ही इस समस्या का निस्तारण किया जाएगा !