उझानी :- गर्मी का मौसम शुरू होते ही नगर पालिका ने आगामी बरसात के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए बड़े और छोटे सभी नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर नालों से गाद और कचरा निकालने का काम कर रही हैं, ताकि बारिश के समय पानी का बहाव सुचारू रूप से हो सके। नगर पालिका सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी ने बताया कि गर्मी के बाद जल्द ही बरसात का दौर शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि समय पर नालों की सफाई न होने से बारिश में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, नगर पालिका क्षेत्र के सभी प्रमुख और छोटे नालों की सफाई का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। हरीश कुमार त्यागी ने आगे बताया कि नगर पालिका का लक्ष्य है कि बारिश शुरू होने से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त कर ली जाए। इसके लिए सफाई कर्मचारियों की टीमें विभिन्न वार्डों में तैनात की गई हैं, जो लगातार नालों की सफाई कर रही हैं। जहां कहीं भी नाले जाम या अतिक्रमण के कारण बाधित हैं, वहां भी सफाई और मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बरसात के दौरान शहर में जलभराव, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप को रोकना है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालों और सड़कों पर कूड़ा न फेंकें, ताकि सफाई व्यवस्था बनी रहे और जल निकासी में कोई बाधा न आए। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में यह सफाई अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि बारिश के मौसम में शहरवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से पूरी तरह राहत मिल सके !