बरेली। पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 397 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने CEIR पोर्टल और तकनीकी सहयोग की मदद से फरवरी माह में इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किए । बरेली रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात बरेली ने मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस की सराहना की। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस के अनुसार जनवरी 2025 से अब तक जिले में कुल 4045 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये है।