बदायूं जनपद बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम भुजपुराटप्पा जामनी में रास्ते पर लंबे समय से भरे गंदे पानी ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। जो रास्ता कभी गांव के आवागमन का मुख्य साधन हुआ करता था, वह अब गंदे पानी के तालाब में तब्दील हो चुका है।ग्रामीणों को रोजाना घर से निकलने और वापस आने के लिए मजबूरन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जो आए दिन पानी में फिसलकर गिर जाते हैं।समस्या से नाराज़ ग्रामीणों ने गंदे पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें गांव के पुरुषों और महिलाओं ने हिस्सा लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई।ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत करने के बावजूद जलभराव की समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लगातार बढ़ रही दिक्कतों से परेशान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कर रास्ते से जलभराव हटवाने तथा मार्ग को चलने योग्य बनाने की मांग की है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में मेघ सिंह पुत्र मिश्रीलाल, कृष्ण पुत्र सोहन पाल, कुमारपाल पुत्र पोशाकी, देवपाल पुत्र नरवीर यादव, सुनील पुत्र राजेंद्र तथा नित्यानंद पुत्र सुरेश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कर गांववासियों को राहत दिलाने की मांग की है।