बदायूं: मुजरिया थाना पुलिस ने कल रात कार्रवाई करते हुए डीजल चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य खालिद निवासी शेखपुर खिचरा थाना धौलाना जिला हापुड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से एक कैंटर वाहन, 500-500 लीटर के दो प्लास्टिक टैंक, 200 लीटर का प्लास्टिक ड्रम जिसमें करीब 50 लीटर डीजल भरा था, तीन प्लास्टिक पाइप, एक बड़ा पेंचकस और तीन प्लास्टिक की बाल्टियां बरामद की हैं। आरोपी को गांव नंगला भिंड के पास बने यात्री शेड के पास से पकड़ा गया। इस मामले में 13 मार्च को बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के जलालपुर के रहने वाले बृजेश ने ट्रक की टंकी का ताला तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान खालिद समेत अनवार, वसीम और शहजाद के नाम सामने आए। पुलिस ने खालिद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।