बरेली। भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय प्रथम के सौजन्य से गुरुवार को आर्य समाज अनाथालय, अय्यूब खां चौराहा के निकट, बरेली में बच्चों के लिए उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम ध्रुव चरन बाल, महाप्रबंधक (केंद्रीय लेखा परीक्षा कार्यालय) लखनऊ मंडल तथा संजय बंसल, महायक महाप्रबंधक की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर अनाथालय के बच्चों को पढ़ाई के लिए स्टेशनरी सामग्री, खेल-कूद से जुड़ी सामग्री और गर्मी को देखते हुए कूलर आदि उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में सुमन बक्शी, उप महाप्रबंधक (बरेली मॉड्यूल) तथा नीरज कुमार राय, क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्र प्रथम बरेली के साथ अनाथालय के प्रधान आचार्य ओमकार महित और बैंक के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उन्हें पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भारतीय स्टेट बैंक समय-समय पर समाज के वंचित वर्गों के सहयोग के लिए इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता रहा है।