14 व 15 मार्च को 32 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा
बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 32,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा दो दिन और दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 8,160 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 4 रिजर्व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और केंद्रों की मॉनिटरिंग लखनऊ से की जाएगी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। उन्होंने महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि चेकिंग और फ्रिस्किंग पर विशेष ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी अभ्यर्थी की जगह कोई अन्य व्यक्ति परीक्षा में शामिल न हो सके। सभी अधिकारी एसओपी का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र पुलिस प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











































































