दो बार पीएमओ में शिकायत के बाद अब एनएचएआई आया हरकत में, राधा कृष्ण मंदिर कट पर अंडरपास प्रस्ताव मंजूर
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के रहने वाले छात्र असद अंसारी ने पीएमओ कार्यालय में जानलेवा राधा कृष्ण मंदिर कट बंद किए जाने को लेकर शिकायत की थी अब प्रकरण का समाधान होता दिख रहा हैराष्ट्रीय राजमार्ग 530 पर स्थित राधा कृष्ण मंदिर कट को लेकर की गई शिकायत पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जवाब देते हुए बताया है कि उक्त स्थान पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।इस प्रकरण में छात्र असद अंसारी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में राधा कृष्ण मंदिर कट को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि हाईवे पर स्थित यह कट लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है और यहां सुरक्षित आवागमन के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है।इससे पहले असद अंसारी ने थाना क्षेत्र के दो हाईवे कटों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत की थी। उस शिकायत के बाद एनएचएआई ने कार्रवाई करते हुए एएनए वाले कट को बंद कर दिया था, जबकि राधा कृष्ण मंदिर कट पर केवल चेतावनी बोर्ड और अन्य संकेतक लगाकर छोड़ दिया गया था।राधा कृष्ण मंदिर कट पर स्थायी समाधान न होने से असंतुष्ट होकर छात्र असद अंसारी ने इस मामले की दोबारा प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत की।
इसके बाद एनएचएआई के पीआईयू मुरादाबाद कार्यालय की ओर से 6 मार्च 2026 को भेजे गए जवाब में बताया गया कि यह कट चार लेन राजमार्ग के निर्माण के दौरान रियायतग्राही कंपनी द्वारा विकसित किया गया अधिकृत कट है।फिलहाल सुरक्षा के लिए वहां रंबल स्ट्रिप्स, सोलर ब्लिंकर और चेतावनी संकेतक लगाए जा चुके हैं। प्राधिकरण के अनुसार स्थल की गंभीरता को देखते हुए यहां अंडरपास बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी दे दी गई है।अब इस कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद राधा कृष्ण मंदिर कट पर अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।











































































