बरेली। नवाबगंज भदपुरा ब्लॉक में जादवपुर के प्राथमिक विद्यालय को लंबे समय से न खोले जाने के विरोध में पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की कक्षाएं लगाकर उन्हें पढ़ाया। सुनीता गंगवार ने बताया कि लगभग एक वर्ष से जादवपुर का स्कूल बंद है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि दो माह से वह शिक्षा विभाग और प्रशासन के चक्कर काटते हुए अधिकारियों को पत्र भेज रही हैं, लेकिन इसके बावजूद स्कूल नहीं खोला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग बच्चों के शिक्षा के मौलिक अधिकार की अनदेखी कर रहा है। सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बच्चों को पढ़ाया गया। बाद में खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि नए सत्र से 1 अप्रैल को स्कूल खोल दिया जाएगा तथा इस वर्ष बच्चों की परीक्षाएं गांव में ही कराई जाएंगी। आश्वासन मिलने के बाद सुनीता गंगवार ने धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 1 अप्रैल तक स्कूल नहीं खुला तो धरना अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा। धरने में वहीद अहमद अंसारी, ब्रह्मानंद गंगवार, राम रतन गंगवार और राजेश्वर यादव सहित कई लोग मौजूद थे।